Skip to main content

बीजेपी सांसद ने दाऊद को बताया कारगिल शहीद की बेटी से बेहतर, कहा- उसने नहीं किया पिता के नाम का इस्‍तेमाल

बीजेपी सांसद ने दाऊद को बताया कारगिल शहीद की बेटी से बेहतर, कहा- उसने नहीं किया पिता के नाम का इस्‍तेमाल

-------------------------------------------------------------------

रामजस कॉलेज की हिंसा पर विवाद ने पूरी तरह से राजनैतिक मोड़ ले लिया है। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया वेबसाइट्स पर कैंपेन शुरू करने वाली कारगिल शहीद की बेटी गुरमेहर कौर को केंद्र में रखकर बयान आने लगे हैं। अब एक भाजपा सांसद ने गुरमेहर की तुलना 1993 मुंबई बम धमाकों के मास्‍टरमाइंड और आतंकी दाऊद इब्राहिम से की है। बीजेपी सांसद प्रताप सिम्‍हा ने ट्विटर पर कौर और दाऊद की तस्‍वीर पोस्‍ट करते हुए लिखा, ”कम से कम दाऊद ने अपने राष्‍ट्र-विरोधी रवैये को सही ठहराने के लिए अपने पिता के नाम का इस्‍तेमाल नहीं किया।” तस्‍वीर में कौर की तख्‍ती पर लिखे ‘पाकिस्‍तान ने मेरे पिता को नहीं मारा, जंग ने मारा’ के जवाब में दाऊद के हाथ में थमाई तख्‍ती में लिखा, ”मैंने 1993 में लोगों को नहीं मारा, बमों ने मारा।” आपको बता दें कि गुरमेहर कौर के इस बयान पर सोशल मीडिया में कई हस्तियों ने प्रतिक्रिया दी है। क्रिकेटर विरेंदर सहवाग ने ट्विटर पर हाथ में तख्‍ती लिए एक तस्‍वीर पोस्‍ट की है, जिसपर लिखा है, ”मैंने दो तिहरे शतक नहीं बनाए, मेरे बैट ने बनाए।”
सहवाग के ट्वीट्स का अभिनेता रणदीप हूडा ने समर्थन किया। इसके बाद कई लोगों ने दोनों सेलिब्रिटीज को को निशाना बनाया, हालांकि बड़ी संख्‍या में यूजर्स उनके पक्ष में भी नजर आए। वरिष्‍ठ पत्रकार शेखर गुप्‍ता ने सहवाग और हूडा के ट्वीट्स पर निराशा जताई और लिखा, ”वीरू और रणदीप, बड़े दिल वाले सितारे, आपका ऐसा करना दुखद है। किसी की देशभक्ति को सर्टिफिकेट्स की जरूरत नहीं है और उसके (गुरमेहर) पर उसके पिता के अप्रतिम बलिदान की मुहर है।”  प्रताप सिम्‍हा ने सहवाग के ट्वीट को रिट्वीट किया है। इसके अलावा उन्‍होंने अभिनेता रणदीप हूडा द्वारा पत्रकार शेखर गुप्‍ता के जवाब को भी रिट्वीट किया है। सिम्‍हा ने सहवाग वाली तस्‍वीर को अपने प्रोफाइल पर सबसे ऊपर रखा हुआ है।
रामजस कॉलेज में कथित तौर पर एबीवीपी छात्रों की हिंसा के बाद कैम्पेन के लिए कौर ने एक तख्ती पकड़ी हुई तस्वीर फेसबुक पर प्रोफाइल फोटो के तौर पर लगाई है। तख्ती पर लिखा है, ‘मैं दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ती हूं। मैं एबीवीपी से नहीं डरती। मैं अकेली नहीं हूं। भारत का हर छात्र मेरे साथ है। हैशटैग स्टूडेंट्स अगेंस्ट एबीवीपी।’
गुरमेहर कौर का कहना है कि उन्‍हें रेप की धमकियां दी जा रही है। उन्‍होंने बताया कि कैंपेन चलाने के बाद उन्‍हें सोशल मीडिया पर रेप की धमकियां दी जा रही है।

Comments